कैथल: ढाेल की थाप पर नाच कर कार्यकर्ताओं ने मनाया भाजपा का स्थापना दिवस
कैथल, 06 अप्रैल (हि.स.)। कैथल। पूर्व विधायक लीला राम के निवास एवं कार्यालय पर भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान देसी घी की जलेबियों का भंडारा लगाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने प्रसाद ग्रहण किया। ढोल की थाप पर कार्यकर्ता जमकर नाचे और भारत माता की जय व वंदे मातरम के नारों से माहौल गूंज उठा।
पुराने कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
स्थापना दिवस के मौके पर पूर्व विधायक लीला राम ने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शाल ओढ़ाकर और फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया। सम्मानित कार्यकर्ताओं में उजागर सिंह (पूर्व सरपंच, उझाना), बारू राम क्योड़क, नरेश मित्तल, पंडित लज्जा राम पाडला, सुभाष चंद गर्ग, सुरेंद्र बिट्टू, अरुण वर्मा, डॉ. जितेंद्र ठुकराल, रोहताश राणा और सुरेश क्योड़क शामिल रहे। सम्मान के दौरान कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भावुक भी नजर आए।
भाजपा ने दिलाया कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान: लीला राम
इस मौके पर लीला राम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश और प्रदेश में लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी की नीतियों और कार्यों से प्रभावित होकर लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर नया इतिहास रचा है और जनता की उम्मीदों पर खरा उतर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कारण कार्यकर्ताओं को समाज में मान-सम्मान मिला है और पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से ही आज यह मुकाम हासिल हुआ है।
एक सप्ताह तक होंगे कार्यक्रम
लीला राम ने बताया कि भाजपा हर वर्ष स्थापना दिवस मनाती है और इस बार भी एक सप्ताह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आने वाले दिनों में कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर स्वच्छता अभियान चलाएंगे और लोगों को जागरूक करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत में लीला राम ने अपने निवास पर पार्टी का ध्वज फहराया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे