कैथल: ड्राइविंग सीखते हुए ड्रेन में गिरी कार, युवक की मौत

 


कैथल, 05 मई (हि.स.)। शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अंबाला रोड से खुराना रोड के बीच कैथल ड्रेन के साथ बनी सड़क पर कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी ड्रेन में जा गिरी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार युवक कार चलाना सीखने के लिए सड़क पर निकला था। जैसे ही वह इस मार्ग पर पहुंचा, अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ड्रेन में जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक की पहचान अंबाला रोड स्थित झुग्गियों में रहने वाले राहुल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अकेला ही कार लेकर घर से निकला था। परिजनों के अनुसार उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि मां उसे दादा-दादी के पास छोड़कर कहीं और चली गई थी। राहुल अपने दादा-दादी के साथ रहकर मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि युवक ने कुछ दिन पहले ही मजदूरी कर पैसे जोड़कर एक पुरानी कार खरीदी थी और वह उसे चलाना सीख रहा था। जांच अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे