कैथल: डीसी ने साइलो का किया निरीक्षण, गेहूं खरीद व उठान में तेजी लाने के निर्देश
कैथल, 17 अप्रैल (हि.स.)।
डीसी अपराजिता ने शुक्रवार को गांव सोलू माजरा स्थित साइलो का दौरा कर गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों, साइलो प्रबंधन और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अनलोडिंग प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए, ताकि सड़कों पर खड़ी ट्रालियों व ट्रकों की लंबी कतारों को जल्द खत्म किया जा सके। निरीक्षण के दौरान डीसी ने साइलो परिसर में गेहूं से भरी ट्रालियों को खाली कराने की प्रक्रिया को मौके पर समझा और किसानों से सीधे संवाद किया। इसके बाद कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ढांड और पूंडरी मंडी से आने वाले गेहूं को तेजी से साइलो तक पहुंचाकर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
भंडारण और अनलोडिंग पर विशेष जोर
डीसी ने साइलो अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहले से भंडारित गेहूं को शीघ्र खाली कराया जाए, ताकि नए गेहूं के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके। साइलो प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में लगभग 87 हजार मीट्रिक टन गेहूं के भंडारण की क्षमता खाली है। डीसी ने स्पष्ट कहा कि अनलोडिंग प्रक्रिया तकनीकी समय-सीमा के भीतर ही पूरी होनी चाहिए और किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे