कैथल: डीसी ने किया जिला पुस्तकालय का दौरा, खामियां सुधारने के निर्देश

 




कैथल, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जिला उपायुक्त अपराजिता ने स्वामी विवेकानंद जिला पुस्तकालय का दौरा किया। जहां उन्होंने बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही बच्चों के लिए केबिन की संख्या बढ़ाए जाने सहित भवन की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी व पुस्तकालय के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। बाहर की तरफ छत के छज्जे से गिर रहे लैंटर के टुकड़ाें काे देख कर उन्हाेंने अधिकारियाें से जवाब तलबी की और इसे जल्दी से जल्दी ठीक करवाने के निर्देश दिए। पुस्तकालय में पढ़ाई के माहाैल काे देख कर डीसी ने कहा, काश मैं भी यहां बैठ कर पढ़ सकती।

डीसी बुधवार की सुबह पुस्तकालय पहुंची, जहां जिला उच्च शिक्षा अधिकारी डा. मनोज कुमार भांबू ने उनका अभिनंदन किया। इसके बाद डीसी ने सबसे पहले लड़कों के पठन कक्ष का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने बच्चों से बातचीत कर पुस्तकालय में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ई-लाइब्रेरी कक्ष का दौरा किया। जहां इंटरनेट संबंधी सुविधाओं की समीक्षा की। इसके बाद डीसी ने पुस्तकालय में रखी पुस्तकों का निरीक्षण किया। जो व्यवस्थित ढंग से रखी हुई थी। इसके बाद डीसी अपराजिता ने शौचालयों का भी निरीक्षण किया। साथ ही स्टोर रूम में सामान को व्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने पहली मंजिल पर लड़कियों के लिए पठन कक्ष का दौरा किया। जहां तीन अलग-अलग कक्षों में पढ़ रही छात्राओं से बातचीत की। लड़कियां ने पुस्तकालय में पढ़ने के लिए टेबल केबिन की आवश्यकता बताई। जिस पर डीसी ने अधिकारियों को उपलब्ध फंड से यह कार्य करवाने के निर्देश जारी किए। उन्होंने खाली कमरे को लड़कियों के लिए ई-लाइब्रेरी के तौर पर प्रयोग करने के निर्देश जारी किए।

डीसी ने द्वितीय तल पर भी कक्ष बनाने का प्रस्ताव तैयार करते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आवश्यक एस्टीमेट बनाकर काम पूरा करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि भवन में जहां भी मरम्मत की आवश्यकता है, वहां मरम्मत की जाए। साथ ही विद्यार्थियों को जो भी सुविधाएं चाहिए, वे नियमानुसार पूरी की जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे