कैथल: डीसी ने किया चीका अनाज मंडी, एसडीएम एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कैथल, 01 अप्रैल (हि.स.)। डीसी अपराजिता ने गुहला क्षेत्र का दौरा करते हुए चीका अनाज मंडी, एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डीसी ने बुधवार को सबसे पहले मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचकर गेहूं खरीद कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम और कंप्यूटर रूम का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद अटल कैंटीन का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की जांच की और निर्देश दिए कि खाने की गुणवत्ता बेहतर हो तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। ई-खरीद कक्ष में डीसी ने फसल खरीद प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली और स्वयं कंप्यूटर पर बैठकर ई-खरीद प्रणाली के तहत किसानों के बायोमेट्रिक विवरण की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और खरीद कार्य पूरी पारदर्शिता व नियमों के अनुसार किया जाए। इस दौरान मार्केट कमेटी सचिव सतबीर राविश ने कर्मचारियों से संबंधित जानकारी दी।
मंडी के दौरे के दौरान डीसी ने अंदर की सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को फोन पर निर्देश देते हुए जल्द मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने मंडी में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, कूड़ा जमा न होने देने और सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम को मंडियों और खरीद केंद्रों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद डीसी ने एसडीएम कार्यालय का निरीक्षण करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस शाखा, कोर्ट रूम, डायरी रजिस्टर और लेखा शाखा के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कोर्ट में लंबित मामलों की जानकारी लेकर जिमनी अपडेट करने और सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों का शीघ्र निपटान करने के निर्देश दिए। रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने और साफ-सफाई बनाए रखने को कहा।
तहसील कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान डीसी ने साफ-सफाई और भवन की पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां आए नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। साथ ही कोर्ट केस, निशानदेही, पंजीकरण, वसीयतनामा, ऑडिट पैरा, कर्मचारियों का डाटा, चकबंदी, मुसावी और बस्ती से जुड़े कार्यों की गहन समीक्षा की। नायब तहसीलदार को लंबित मामलों का शीघ्र निपटान करने और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, मार्केट कमेटी सचिव सतबीर राविश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे