कैथल: ठेकेदार पर शोषण का आरोप, सफाई कर्मचारियों ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

 


कैथल, 09 मई (हि.स.)। नगर परिषद में कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार और यूनियन नेतृत्व पर शोषण के आरोप लगाते हुए जिला पालिका आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें निर्धारित न्यूनतम वेतन से काफी कम भुगतान किया जा रहा है, जिससे उनमें रोष है।

कर्मचारियों के अनुसार नगर परिषद में कार्यरत करीब 165 कर्मचारियों को 2500, 4000, 5000 और 7200 रुपये तक ही वेतन दिया जा रहा है, जबकि न्यूनतम वेतन अधिनियम के तहत उन्हें लगभग 10 हजार 924 रुपये मिलना चाहिए। कर्मचारियों का कहना है कि ठेकेदार मनमर्जी से वेतन वितरण कर रहा है और इस पूरे मामले में यूनियन प्रधान महेंद्र बिडलान की भूमिका पर भी संदेह है।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार की ओर से सफाई कार्य के लिए झाड़ू उपलब्ध करवाने का प्रावधान होने के बावजूद उन्हें कोई सामग्री नहीं दी गई। ऐसे में उन्हें अपने स्तर पर व्यवस्था करनी पड़ रही है। इसके अलावा करीब 20 कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं डाले जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इस दौरान ब्लॉक के पूर्व प्रधान बिट्टू बहोत, लकी दरोगा, बृजेश दरोगा, राजेंद्र दरोगा, सुशील दरोगा और चाहत दरोगा सहित अन्य कर्मचारियों ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पालिका आयुक्त कपिल कुमार ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि सभी को पूरा वेतन दिलवाया जाएगा। साथ ही जिन कर्मचारियों को कार्य से हटाया गया है, उन्हें जल्द दोबारा ड्यूटी पर बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।

जिला पालिका आयुक्त कपिल कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच करवाई जा रही है। जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार व अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे