कैथल: जिला पुलिस की कार्रवाई, 92 आरोपी गिरफ्तार, 12.89 लाख की चोरीशुदा संपत्ति बरामद
कैथल, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस ने मार्च माह के दौरान अपराध नियंत्रण को लेकर व्यापक अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी और अवैध असला रखने जैसे कुल 74 मामलों में कार्रवाई करते हुए 92 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बतााया कि संपत्ति से जुड़े अपराधों पर सख्ती बरतते हुए 21 मामलों में 26 आरोपियों को काबू किया गया। उनके कब्जे से करीब 12 लाख 89 हजार रुपये मूल्य की चोरीशुदा जन संपत्ति बरामद की गई। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत आठ मामले दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 2.084 किलोग्राम चूरा पोस्त, 1.940 किलोग्राम गांजा, एक किलो 83 ग्राम अफीम और 68.222 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
आबकारी अधिनियम में 34 केस
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 34 मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 409 बोतल देशी शराब, 503 बोतल हथकड़ी शराब और 4742 लीटर लाहण बरामद किया गया।
अवैध असला और जुआ मामलों में भी कार्रवाई
अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पांच मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर सात देसी पिस्तौल और 25 कारतूस बरामद किए गए। वहीं जुआ/सट्टा अधिनियम के छह मामलों में छह आरोपियों को काबू कर 12,980 रुपये बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त पुलिस ने 26 बेल जंपर और 12 घोषित अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे