कैथल: जिला उपायुक्त ने किया सीवन अनाज मंडी का दौरा, खरीद एवं उठान में तेजी लाने के दिए निर्देश
कैथल, 13 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त अपराजिता ने सोमवार को सीवन अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं खरीद, उठान व्यवस्था और गेट पास प्रणाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और मंडी में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुसार खरीद सुनिश्चित करने तथा उठान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने मंडी में पहुंचकर गेहूं की ढेरियों पर नमी मापक यंत्र से नमी की जांच करवाई। इसके साथ ही उन्होंने कांटे पर एक बैग का वजन भी चेक किया, ताकि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को किसी प्रकार की अनियमितता का सामना न करना पड़े। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।
डीसी ने मंडी में सुरक्षा प्रबंधों का भी जायजा लिया और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने एंट्री गेट पास और आउट गेट पास प्रणाली की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। आउट गेट पास काटने में सामने आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने उच्चाधिकारियों से बातचीत करने का आश्वासन दिया।
समस्याओं पर लिया सख्त संज्ञान
डीसी ने गेहूं खरीद सीजन के मद्देनजर विभिन्न मंडियों में आ रही समस्याओं पर संज्ञान लिया है। उन्होंने सोलू माजरा गांव में साइलो से जुड़ी समस्या का समाधान करवाकर गेहूं खरीद प्रक्रिया को शुरू करवाया। इसके अलावा आउट गेट पास से संबंधित तकनीकी खामी को लेकर भी उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई उठान एजेंसी अपने कार्य में लापरवाही बरतती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खरीद और उठान की पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से पूरी की जानी चाहिए।
इस अवसर पर डीएफएससी वरिंद्र सिंह, नायब तहसीलदार मीनू कौशिक, मंडी सचिव सहित विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे