कैथल: जनसेवा, राष्ट्रवाद और किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है सरकार : श्याम सिंह राणा

 


कैथल, 16 मई (हि.स.)। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि नरेंद्र मोदी और नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है, जिसका लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनसेवा, राष्ट्रवाद और किसानों सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित है।

शनिवार को कैथल के सूर्यकुंड तीर्थ मंदिर सभागार में पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने यह बात कही। इससे पूर्व उन्होंने रिबन काटकर कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। मंत्री राणा ने बताया कि प्रदेशभर में आयोजित इन प्रशिक्षण शिविरों का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, ताकि पात्र व्यक्ति इनका पूरा लाभ उठा सकें। साथ ही इन शिविरों के जरिए राष्ट्रवाद की भावना को सुदृढ़ कर देश को और अधिक सशक्त बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, मजदूरों, गरीबों और अन्य वर्गों के उत्थान के लिए लगातार योजनाएं लागू कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

मंत्री राणा ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। फसल बोने से पहले न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) घोषित किया जाता है और फसलों की खरीद का भुगतान सीधे किसानों के खातों में ऑनलाइन माध्यम से किया जाता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर पांच दिन तक चलेगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि वे इन्हें आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें। कार्यक्रम में विधायक सतपाल जांबा, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, कुलवंत बाजीगर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे