कैथल: गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सौंपा ज्ञापन, गोवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून की मांग
कैथल, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिले में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गौभक्तों ने एकजुट होकर सचिवालय में प्रदर्शन किया। उन्हाेंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सौंपा। यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।
इस दौरान गौभक्तों ने सोमवार को देशभर में गोवंश की सुरक्षा, सेवा और उन्हें राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन में गोवंश संरक्षण को मजबूत करने, गो-तस्करी पर कठोर कार्रवाई, गोशालाओं के विकास और गो-आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल किए गए।
जिला अध्यक्ष बालकर सिंह ने कहा कि यह अभियान किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज और जागरूक नागरिकों की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि देशभर में चरणबद्ध तरीके से ज्ञापन देकर सरकार तक गौभक्तों की आवाज पहुंचाई जा रही है। यदि समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो यह अभियान आगे भी शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से जारी रहेगा।
जिला महामंत्री कबीर ने तहसीलदार को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए कहा कि यह एक जनजागरण अभियान है, जिसका मकसद समाज को गोसेवा के प्रति जागरूक करना और सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करना है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पवन मान, जिला मंत्री हरपाल, विष्णु, दीपक, रिंकू भानपूरा, हितेश, अंकित शेरू, बब्बू, कमल, गुल्लू, शिवम, शीलू बहन, रिंकू, पाली, संदीप, तरसेम, राकेश सहित बीएसओ ग्रुप के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में गौभक्तों की उपस्थिति ने अभियान को व्यापक जनसमर्थन प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे