कैथल: गैस आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखें, पांच किलो सिलेंडर की न हाे कमी: डीसी अपराजिता
कैथल, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उपायुक्त अपराजिता ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पांच किलोग्राम गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रवासी मजदूरों, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवारों और निर्माण स्थलों पर काम कर रहे श्रमिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंगलवार को आयोजित बैठक में डीसी ने कहा कि गैस आपूर्ति पूरी तरह नियमानुसार होनी चाहिए और किसी भी उपभोक्ता को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसी संचालकों और पीएनजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक कर बेहतर समन्वय स्थापित करें।
डीसी अपराजिता ने कहा कि वर्तमान स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन भविष्य में किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए केरोसिन का पर्याप्त स्टॉक भी रखा जाए। इसके लिए अग्रिम रूप से मांग भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी गैस कनेक्शन है, वे अपने एलपीजी कनेक्शन को सरेंडर कर दें, ताकि जरूरतमंद लोगों को गैस उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि यह बेहद खतरनाक प्रक्रिया है।
डीसी ने बताया कि पिछले 10 दिन में लगभग 600 उपभोक्ताओं ने अपने लंबित पीएनजी बिलों का भुगतान किया है, जबकि 500 नए कनेक्शन जारी किए गए हैं। जिले में पीएनजी कनेक्शन का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और लोग इसे अपनाने लगे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे