कैथल: गेहूं की फसल को लेकर भाइयों में विवाद, रॉड से हमला, पांच जगह से टूटी हाथ की हड्डी
कैथल, 01 मई (हि.स.)। गेहूं की फसल के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के हाथ की हड्डी पांच जगह से टूट गई। मामले में सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव पाडला निवासी मेघ सिंह की शिकायत पर उसके भाई ईशम सिंह और उसके बेटों अमरजीत व सौरभ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित ने शुक्रवार काे बताया कि वह भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त है और उसके व भाई के बीच पहले ही गेहूं की फसल का बंटवारा हो चुका था। शिकायत के अनुसार, फसल कटाई के बाद जब गेहूं घर पहुंचा तो उसने अपना आधा हिस्सा मांगा। आरोप है कि 17 अप्रैल को वह घर पर मौजूद था, तभी तीनों आरोपित वहां पहुंचे और उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ की हड्डी पांच जगह से टूट गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल को पहले नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में बेहतर इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में रेफर किया गया।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे