कैथल: खाद की किल्लत, मंडी व्यवस्था पर सरकार की नीतियां किसानों के खिलाफ:रणदीप सुरजेवाला

 


कैथल, 12 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने रविवार काे कैथल की जाट धर्मशाला में आयोजित वार्षिक समारोह के दौरान केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खाद की किल्लत, मंडी व्यवस्था और प्रस्तावित बीज विधेयक जैसे मुद्दों पर सरकार की नीतियां किसानों के हितों के खिलाफ हैं। इस दौरान उन्होंने जाट धर्मशाला में आधुनिक लाइब्रेरी के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

समारोह में कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने धर्मशाला में नवनिर्मित हॉल और रसोईघर का उद्घाटन किया। जाट धर्मशाला के प्रधान रोशन पाड़ला ने अतिथियों का स्वागत किया और लाइब्रेरी के लिए घोषित अनुदान पर उनका आभार व्यक्त किया। समिति की ओर से दोनों नेताओं को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया, जबकि धर्मशाला के विकास में सहयोग देने वाले दानदाताओं को भी सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में खाद की कालाबाजारी हो रही है और पर्याप्त आयात नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार मंडी व्यवस्था को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है। उनका दावा था कि ढांड मंडी बंद हो चुकी है और समालखा में बड़े स्तर पर साइलो का निर्माण किया जा रहा है, जिससे भविष्य में पारंपरिक मंडी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि जाट धर्मशाला सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान सभी 36 बिरादरियों के लोगों के लिए कार्य कर रहा है और इसके विकास में समाज का सहयोग लगातार मिलता रहा है। उन्होंने किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी वर्गों की एकजुटता से तीन कृषि कानून वापस हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे