कैथल: खरक पांडवा के पास भीषण हादसे में खुला नशा तस्करी का राज

 










कैथल, 25 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली-जम्मू एक्सप्रेस वेे पर खरक पांडवा गांव के पास वीरवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे के बाद नशा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया। हादसे में दो ट्रकों के चालकों और एक मैकेनिक की मौत हो गई, जबकि एक हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटनाग्रस्त राजस्थान नंबर के ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें केलों के बीच छिपाकर रखे गए करीब 40 कट्टे डोडा-पोस्त बरामद हुए। इनका कुल वजन करीब आठ क्विंटल बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कैथल की ओर आ रहा एक ट्रक खरक पांडवा के पास हाईवे किनारे खराब हो गया था। चालक अनिल कुमार ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और उसे ठीक कराने के लिए स्थानीय मैकेनिक रामनिवास को बुलाया। रामनिवास और चालक ट्रक के नीचे जाकर उसे ठीक करने में जुटे थे, जबकि हेल्पर कुछ दूरी पर था। इसी दौरान जम्मू की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे राजस्थान नंबर के ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में ट्रक चालक अनिल कुमार, दूसरे ट्रक के चालक और मैकेनिक रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। रामनिवास काे काल ही हादसे की जगह पर खींच लाया। यह ट्रक हादसे से कुछ देर पहले भी खराब हाे गया था, जिसे रामनिवास के गैराज में ठीक कर दिया गया था, लेेकिन एक्सप्रेस वे पर चढ़ कर कुछ दूर चलते ही यह फिर से खराब हाे गया और रामनिवास काे इसे ठीक करने वहां जाना पड़ा।

हादसे के बाद सड़क पर बिखरे केले और कट्टे

दुर्घटना के बाद केलों से भरे राजस्थान नंबर के ट्रक का सामान सड़क पर बिखर गया। पुलिस ने जब ट्रक की जांच की तो केलों के बीच छिपाकर रखे करीब 40 कट्टे मिले। इनमें डोडा-पोस्त भरा हुआ था। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कलायत थाना पुलिस ने तीनों मृतकों के शव नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। वहीं घायल हेल्पर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे ने दो परिवारों का सहारा छीना

मृतक अनिल कुमार जींद के उचाना क्षेत्र के रहने वाले थे। उनके चाचा कुलदीप के अनुसार ट्रक अनिल का ही था। परिवार में उनकी पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। अनिल की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दूसरी ओर मैकेनिक रामनिवास खरक पांडवा गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। परिजनों के मुताबिक रामनिवास ही परिवार की आय का मुख्य साधन थे। हादसे की सूचना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

डोडा-पोस्त कहां से आया, कहां जाना था, जांच में जुटी पुलिस

कलायत थाना के जांच अधिकारी एएसआई विक्रम सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद राजस्थान नंबर के ट्रक की जांच की गई। ट्रक में केलों के बीच करीब 40 कट्टों में लगभग आठ क्विंटल डोडा-पोस्त बरामद हुआ है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। तस्करी से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे