कैथल के सीटीएम गुरविंद्र सिंह निलंबित

 

कैथल, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सीटीएम गुरविंद्र सिंह को मुख्य सचिव कार्यालय के आदेशों के बाद निलंबित कर दिया गया है। निलंबन सस्पेंशन के आदेश उनकी आधिकारिक ई-मेल पर भेजे गए हैं। हालांकि आदेशों में सस्पेंशन का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, जिससे मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

गुरविंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सस्पेंशन की सूचना मेल के माध्यम से प्राप्त हुई। उस समय वे कार्यालय से जा चुके थे। अगले दिन स्टाफ से जानकारी मिलने के बाद उन्हें इस बारे में पता चला।

उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें सस्पेंशन के कारणों की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है और वे स्वयं इसकी जानकारी जुटा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार गेहूं सीजन के दौरान मंडी प्रबंधन में लापरवाही को इस कार्रवाई का कारण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि गेहूं उठान और लेबर टेंडर प्रक्रिया में देरी हुई। कैथल जिले में करीब 30 टेंडर जारी होने थे, लेकिन अब तक केवल 8 ही लगाए जा सके, जबकि 22 टेंडर लंबित रह गए। इस प्रक्रिया की जिम्मेदारी सीटीएम स्तर पर होने के कारण कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र के गांव बाघोत निवासी गुरविंद्र सिंह ने करीब तीन साल पहले पहले ही प्रयास में एचसीएस परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उन्होंने आरपीएस स्कूल महेंद्रगढ़ से 12वीं में टॉप किया और इसके बाद एनआईटी कुरुक्षेत्र से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। वर्तमान में वे करीब दो साल से कैथल में सीटीएम के पद पर कार्यरत थे।

फिलहाल सस्पेंशन के कारणों को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे