कैथल: कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की माैत
कैथल, 05 मार्च (हि.स.)। जिले में गांव खुराना के पास हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ बाइक पर शुगर मिल जा रहा था, तभी रास्ते में एक अज्ञात कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।
मृतक की पहचान गांव मलिकपुर निवासी फिरोज खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि फिरोज खान शुगर मिल कैथल में काम करता था और देर शाम अपने एक साथी के साथ ड्यूटी पर जा रहा था। जब वह गांव खुराना के पास पहुंचा तो पीछे से आए एक अज्ञात कार चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी नागरिक अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि फिरोज खान अविवाहित था और शुगर मिल में काम कर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे