कैथल: कलायत क्षेत्र से महिला आरोपी गिरफ्तार, 7.05 ग्राम हेरोइन बरामद

 

कैथल, 31 मार्च (हि.स.)। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को सफलता हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना कलायत क्षेत्र से एक महिला आरोपी को 7.05 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।

एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में एसआई बलराज सिंह की टीम गश्त के दौरान किसान चौक, कलायत पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक महिला सजूमा रोड पर हेरोइन बेचने के लिए खड़ी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी का गठन किया और बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर संदिग्ध महिला को काबू किया गया, जिसकी पहचान वार्ड नंबर दाे, कलायत निवासी बीरो देवी के रूप में हुई। सूचना मिलने पर डीएसपी कलायत ललित कुमार भी मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में महिला पुलिसकर्मी द्वारा आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से काले रंग की पॉलिथीन में रखी 7.05 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना कलायत में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई महिला एएसआई हरप्रीत कौर द्वारा की गई। आरोपी महिला को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे