कैथल: एचएसवीपी कर्मचारी 50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 


कैथल, 29 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) फतेहाबाद की टीम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) कार्यालय में शुक्रवार को छापेमारी कर एक कर्मचारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है।

कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गुरविंदर सिंह की मौजूदगी में की गई। जानकारी के अनुसार, चीका निवासी तिलक राम वीटा बूथ स्थापित करने के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त करना चाहता था। आरोप है कि इस कार्य को पूरा कराने के एवज में कर्मचारी संजय कुमार ने उससे 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच सौदा 50 हजार रुपये में तय हुआ।

शिकायतकर्ता ने मामले की सूचना एसीबी को दी, जिसके बाद ब्यूरो ने जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग करवाई गई। रिकॉर्डिंग में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।

तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को चिह्नित 50 हजार रुपये देकर एचएसवीपी कार्यालय भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, वहां पहले से मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथ काबू कर लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता तो नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे