कैथल: अमेरिका भेजने के नाम पर 17 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 


कैथल, 30 मई (हि.स.)। एंटी एमिग्रेशन सैल ने अमेरिका भेजने का झांसा देकर 17 लाख 18 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अदालत से आरोपी का चार दिन का पुलिस रिमांड भी हासिल किया गया है, ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके। मामले की जांच एंटी एमिग्रेशन सैल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई मोहन सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी।

जांच के दौरान गांव थेहबनेड़ा निवासी आरोपी मनजोत सिंह को गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता रामपाल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी जान-पहचान गांव के ही मनजोत सिंह से थी, जो स्वयं को विदेश भेजने वाला एजेंट बताता था। मई 2024 में मनजोत सिंह और उसके साथी आसिफ अली खान ने उसके भाई देशराज को अमेरिका भेजने का लालच दिया। आरोपियों ने दो साल का वर्क वीजा और अमेरिका की स्थायी नागरिकता (पीआर) दिलाने का दावा किया और भरोसा दिलाया कि उनकी कंपनी के माध्यम से कई लोग विदेश जाकर अच्छी कमाई कर रहे हैं।

आरोपियों ने फाइल चार्ज, वीजा फीस, टिकट और अन्य खर्चों के नाम पर अलग-अलग चरणों में बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 17 लाख 18 हजार रुपये ठग लिए। इस दौरान उन्होंने देशराज के पासपोर्ट, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए।

पीड़ित पक्ष को विश्वास में रखने के लिए आरोपियों ने वीजा लगने का दावा करते हुए वीडियो भी भेजे और लगातार पैसे की मांग करते रहे। अगस्त 2024 में आरोपियों ने हंगरी का वीजा देकर बताया कि वहां से आगे अमेरिका भेजा जाएगा। शिकायतकर्ता अपने भाई और आरोपी के साथ दिल्ली और मुंबई तक गया, जहां कई दिनों तक रुकने के बावजूद कोई उड़ान नहीं हो सकी।

बाद में जब एयरपोर्ट पर जांच की गई तो वीजा और टिकट फर्जी पाए गए, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। संभावना है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और इस तरह के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे