कैथल अनाज मंडी में इनेलो ने किया प्रदर्शन, कार्यकर्ता ट्रैक्टर और झोटा-बुग्गी लेकर पहुंचे
कैथल, 12 अप्रैल (हि.स.)। कैथल की अनाज मंडी में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) द्वारा किसानों और आढ़तियों के मुद्दों को लेकर रविवार को प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन की अगुवाई पार्टी सुप्रीमो अभय सिंह चाैटाला ने खुद पहुंचकर की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, किसान और व्यापारी शामिल हुए। इनेलो कार्यकर्ता ट्रैक्टर और झोटा-बुग्गी लेकर मंडी में पहुंचे, जो पारंपरिक खेती और किसान जीवनशैली का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य गेहूं की खरीद के लिए लागू किए गए नए नियमों का विरोध करना था, जिनमें ट्रैक्टर के लिए गेट पास, रजिस्ट्रेशन नंबर और बायोमैट्रिक सत्यापन जैसी शर्तें शामिल हैं।
अभय सिंह चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि वे पहले ही इन मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। उस दौरान सरकार की ओर से सभी मांगें मानने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में सरकार अपने वादों से मुकर गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आढ़तियों के लाइसेंस भी सीजन के बीच में ही केवल छह महीने के लिए रिन्यू किए गए हैं, जिससे व्यापारियों में असमंजस और असुरक्षा का माहौल है। उनके अनुसार, सरकार धीरे-धीरे आढ़तियों की भूमिका को खत्म करना चाहती है।
इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों पर अनावश्यक और बेवजह की शर्तें थोपी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने मंडी में आते हैं, न कि किसी गलत काम के लिए, इसलिए उनके साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। प्रदर्शन के अंत में इनेलो नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसानों और आढ़तियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इन नियमों में बदलाव नहीं किया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दाैरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता माैजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे