करोड़ों के विकास कार्यों से पूंडरी को मिलेगी नई रफ्तार, विधायक ने किया शुभारंभ

 


कैथल, 28 अप्रैल (हि.स.)। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए विधायक सतपाल जाम्बा ने मंगलवार को करीब पांच करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपयेे की विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन कार्यों को क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के तहत सबसे पहले पूंडरी ड्रेन पर आईबीपी ब्लॉक रास्ते का उद्घाटन किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इसके बाद बरसाना में विष्णुपद तीर्थ के विकास कार्य का उद्घाटन किया गया, जो धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और क्षेत्र की पहचान को मजबूत करेगा।

इसी कड़ी में गांव दुसैन में आरसीसी पाइपलाइन का शिलान्यास किया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। वहीं ग्राम कौल में कपिलमुनि तीर्थ के विकास कार्य का उद्घाटन भी किया गया, जिससे क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।

इन सभी परियोजनाओं पर पांच करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपए की लागत खर्च की जा रही है, जो क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने में सहायक साबित होंगी। इस अवसर पर विधायक सतपाल जाम्बा ने कहा कि जनता की सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है और हर गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय मानकों के अनुसार शीघ्र पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को जल्द लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे