एनीमिया मुक्त भारत अभियान में सोनीपत जिला दूसरे स्थान पर

 


सोनीपत, 24 जुलाई (हि.स.)। एनीमिया

मुक्त भारत अभियान के तहत जिला समन्वय एवं समन्वयन समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक

शुक्रवार को जिला सचिवालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता नगराधीश सिमरन ने की, जबकि डॉ.

अनुराधा जैन ने सह-अध्यक्षता की। अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. जितेन्द्र सिंह ने

प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

डॉ.

जितेन्द्र सिंह ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान जिले में छह लक्षित वर्गों के 66,347

लाभार्थियों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। इनमें 2,514 एनीमिया प्रभावित लाभार्थियों

का समय पर उपचार और फॉलो-अप किया गया। इस प्रदर्शन के आधार पर सोनीपत ने हरियाणा में

दूसरा स्थान हासिल किया।

बैठक

में जिले के विभिन्न वर्गों में एनीमिया की स्थिति की समीक्षा की गई। जिन क्षेत्रों

और वर्गों में एनीमिया अधिक पाया गया, वहां आगे विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया

गया ताकि प्रभावित लोगों तक समय पर जांच और उपचार पहुंच सके।

आरबीएसके

टीम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़खालसा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुआं के बेहतर

कार्य की सराहना की गई। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा और हलालपुर में जांच

की प्रगति अपेक्षाकृत कम मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूक्ष्म योजना बनाकर अभियान

में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने बताया कि संस्था चार गांवों

में जागरूकता गतिविधियां चला रही है। क्षेत्रीय समन्वयक राहुल चौहान ने अभियान को और

प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।

नगराधीश

सिमरन ने कहा कि सभी विभागों और सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से ही अभियान को सफल बनाया

जा सकता है।

डॉ.

अनुराधा जैन ने कहा कि नियमित हीमोग्लोबिन जांच, समय पर उपचार, सही परामर्श और शत-प्रतिशत

प्रतिवेदन से जिले में एनीमिया की दर कम की जा सकती है। बैठक में सभी विभागों ने अभियान

को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना