ऊर्जा संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी बनाएं, देश बनेगा आत्मनिर्भर: मनोहर लाल

 


जींद, 25 मई (हि.स.)। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री तथा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक ऊर्जा संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझे तो देश आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूत होगा।

बीबीपुर गांव में पूर्व सरपंच सुनील बीबीपुर द्वारा चलाई गई “सेल्फी विद डॉटर” मुहिम की सराहना करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और ऊर्जा संरक्षण को लेकर लगातार जनभागीदारी आधारित अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से प्रेरित होकर बीबीपुर गांव से शुरू हुई सेल्फी विद डॉटर मुहिम ने न केवल देश बल्कि विदेशों तक अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं अपने लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात में इस मुहिम का उल्लेख करते हुए इसकी सराहना की है। जिसके बाद यह अभियान देशभर में बेटियों के सम्मान और जागरूकता का प्रतीक बन गया। उन्होंने कहा कि समाज में फैली कन्या भ्रुण हत्या, लिंग भेदभाव और बेटियों के प्रति नकारात्मक सोच जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए इस प्रकार की सकारात्मक सामाजिक मुहिम अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे प्रयासों से समाज में जागरूकता आती है और लोगों की सोच में बदलाव होता है। उन्होंने कहा कि बीबीपुर गांव ने सामाजिक चेतना की दिशा में जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अन्य गांवों और समाज के लिए भी प्रेरणादायक है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे ईंधन बचाओ अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रधानमंत्री की सोच को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े परिणाम दे सकते हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि लोग अपने दैनिक जीवन में छोटे बदलाव अपना कर ईंधन और ऊर्जा की बचत कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा