इस सीजन में सर्वाधिक कैथल में जलाई गई पराली

 

हरियाणा में पराली जलाने की 359 घटनाएं

चंडीगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार के प्रयासों के बावजूद प्रदेश में पराली जलाने के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रदेश में अभी तक इस सीजन के दौरान पराली जलाने के 359 मामले रिपोर्ट हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा मामले कैथल और जींद जिले में सामने आए हैं। अकेले कैथल में 84 मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद जींद में 53, फतेहाबाद में 34, करनाल में 25, रोहतक में 24 और कुरुक्षेत्र में 22 मामले सामने आए हैं।

इनके अलावा पलवल में 17 और अंबाला में पराली जलाने के 12 मामले रिपोर्ट हुए हैं। प्रदेश में अब तक पराली जलाने के मामलों में 8.80 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा अब तक 129 एफआईआर दर्ज हुई हैं और किसानों के लैंड रिकॉर्ड में 71 रेड एंट्री की गई हैं। रेड एंट्री होने पर किसानों की फसल एमएसपी पर नहीं खरीदी जाती है। हरियाणा में साल 2020 में पराली जलाने के 3,384 मामले रिपोर्ट हुए थे। इसके बाद 2021 में 6,464 मामले रिकॉर्ड पर आए। वहीं, 2022 में 3,491 और 2023 में 2,123 मामले रिपोर्ट हुए। इसके बाद 2024 में 1,183 और 2025 में 592 पराली जलाने के मामले सामने आए।

पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने जिला और खंड स्तर पर पराली सुरक्षा बल गठित करने, ड्रोन से निगरानी और देर शाम व रात के समय गश्त बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके तहत कृषि विभाग, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। प्रदेश में पराली जलाने के मामलों के पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2020 में 3384, वर्ष 2021 में 6464, वर्ष 2022 में 3491 और वर्ष 2023 में 2123 मामले दर्ज किए गए थे। वर्ष 2024 में इनकी संख्या घटकर 1183 और वर्ष 2025 में 592 रह गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा