अवैध हथियार सप्लाई करने के आरोपी को तिहाड़ से प्रोक्डशन वारंट पर लाई पानीपत पुलिस

 


पानीपत, 26 मई (हि.स.)। पानीपत पुलिस टीम पर फायरिंग करने के आरोपियों को हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को पुलिस ने तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया। आरोपी सोनू निवासी कैथल आर्म्स एक्ट के अन्य मामले में तिहाड़ जेल में बंद था। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने बताया कि थाना चांदनी बाग क्षेत्र स्थित एक मिठाई की दुकान संचालक से वॉटसअप काल कर रंगदारी मांगी गई थी।

मामले की जांच सीआईए वन पुलिस टीम को सौंपी गई थी। डाहर गांव निवासी कुशाल के वारदात में शामिल होने और 16 दिसंबर 2024 को उसके दोस्त के साथ बिशनस्वरूप कॉलोनी में चोपड़ा अस्पताल के सामने पार्क में बैठा होने बारे विशेष इनपुट मिलने पर पुलिस ने वहा जाकर कुशाल से पूछताछ का प्रयास किया तो कुशाल व उसके साथी डाहर गांव के ही प्रिंस ने विरोध करते हुए भागने का प्रयास किया था।

पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया और पुछताछ के लिए साथ लेकर जाने लगी तो पार्क के गेट के पास आरोपी कुशाल उर्फ कौशल ने भागने का प्रयास करते हुए अपनी पेंट की जेब से पिस्तौल निकालकर आगे चल रहे ईएसआई राजकुमार पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी थी। गोली राजकुमार के पेर में लगी थी। पुलिस टीम ने आरोपी से पिस्तौल छिनकर खोलकर देखा तो एक कारतूस चेंबर से व एक कारतूस मैगजीन से बरामद हुआ था।

पुलिस टीम को गत दिनों सूचना मिली की आरोपी सोनू दिल्ली में आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार होकर तिहाड़ जेल में बंद है। पुलिस टीम ने मंगलवार को आरोपी सोनू उर्फ सचिन को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। पूछताछ में आरोपी ने सुनील को चार देसी पिस्तौल व नौ कारतूस बेचना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी सोनू को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा