अनुबंधित बिजली कर्मियों के लिए खुलेगा एचकेआरएन पोर्टल
चंडीगढ़, 21 नवंबर (हि.स.)। बिजली निगमों में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों की मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल की शक्ति भवन पंचकूला में विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) के प्रबंध निदेशक आदित्य दहिया के साथ बैठक हुई। इस बैठक में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) पोर्टल खोलने और निगम रेट लागू करने पर सहमति बनी।
बैठक में नौकरी से हटाए गए 19 कर्मचारियों की वापसी, शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेजों में राहत, पदनाम परिवर्तन, एचपीजीसीएल के समझौते को लागू करवाने, अनुभव के आधार पर वेतन स्लैब में संशोधन तथा डीसी रेट पर कार्यरत कर्मचारियों को एचकेआरएन निगम रेट का लाभ देने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रबंध निदेशक ने सभी मामलों में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
बैठक में कैथल के 12 और पलवल के 7 सहित नौकरी से हटाए गए कुल 19 कर्मचारियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रबंधक निदेशक आदित्य दहिया ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के हित में सकारात्मक पक्ष रखते हुए मुख्य सचिव और संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि इन कर्मचारियों को राहत मिल सके।
दस्तावेजों और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े मामले पर प्रबंध निदेशक ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने संबंधित पद पर नियुक्ति के बाद आवश्यक योग्यता हासिल की है, उन्हें नियमानुसार छूट दी जाएगी। वहीं, जिन कर्मचारियों के पास निर्धारित योग्यता नहीं है, उनके मामलों की अलग-अलग फाइल तैयार कर मुख्य सचिव के पास सकारात्मक रिपोर्ट के साथ भेजी जाएगी।
एएलएम से एसए और अन्य पदनामों में बदलाव का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे अतिरिक्त मुख्य सचिव और एचकेआरएन के निदेशक से सीधे बातचीत कर इस समस्या का समाधान करवाएंगे। इसके लिए एचकेआरएन का पोर्टल खुलवाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। बैठक में पावर इंजीनियरिंग एसोसिएशन की ओर से पुनीत कुंडू, रविंद्र घनघस और बलजीत बेनीवाल, एचएसईबी से इकबाल चंदाना और प्रदीप देशवाल, एएचपीसी से सुरेश राठी और संजीव, एवीकेएसएच से सुनील ढिल्लों, जीवन ठाकुर, नरेश बालू, बलिंदर सिसमोर और नरेंद्र यादव मौजूद रहे।
एचपीजीसीएल के कर्मचारियों से संबंधित समझौते को लागू करवाने और कर्मचारियों को एचकेआरएन में शामिल करवाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इसके लिए एमडी एचपीजीसीएल मनीराम से बातचीत की गई। अनुभव के आधार पर कर्मचारियों के वेतन स्लैब में बदलाव करवाने के मुद्दे पर भी सहमति बनी। इसके लिए मुख्य सचिव के माध्यम से फाइल चलवाकर एचकेआरएन में आवश्यक बदलाव लागू करवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा