सिरसा: माइनर से मिला युवक का शव

 

सिरसा, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव मौजदीन के निकट माइनर से एक युवक का शव मिला है। माइनर में पानी कम होने के चलते शव किनारे अटका था। ग्रामीणों ने सोमवार सुबह शव देखा और सरपंच को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार घग्घर नदी से कसाबा माइनर निकलती है। माइनर में पानी कम था और युवक का शव बहते हुए गांव मौजदीन के निकट किनारे आकर अटक गया। युवक के हाथ-पांव मिट्टी में दबे हुए थे। मृतक युवक की उम्र करीब 25 साल बताई जा रही है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए अस्पताल के मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस के अनुसार आसपास के थानों में इसकी सूचना दे दी गई है और मृतक युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं, इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिबंधित नशीली गोलियां व कैप्सूल सहित युवक गिरफ्तार

पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से एक युवक को नशीली गोलियां व कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान शहर की जेजे कॉलोनी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक खड़ा था जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से पांच सौ नशीली गोलियां व प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह के रूप में हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन नशीली दवाइयों को बेचने की फिराक में था। बरामद नशीली दवाइयों को ड्रग विभाग को सौंप दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma