सोनीपत के खरखौदा में अदालत से बाहर निकले युवक की गोली मारकर हत्या
सोनीपत, 16 मई (हि.स.)। सोनीपत
जिले के खरखौदा में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब अदालत में पेशी भुगतकर बाहर
निकले एक युवक की हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। वारदात एसडीएम कार्यालय के
बाहर हुई, जहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने युवक की गाड़ी को टक्कर मारकर रोका
और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोलियां
युवक के सिर और मुंह पर लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी
बरेजा गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद अदालत परिसर और आसपास के इलाके
में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी
के अनुसार मृतक की पहचान गुरुग्राम के गाड़ोली खुर्द निवासी नीरज
के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नीरज अपनी पत्नी नीतू द्वारा साल 2019 में दर्ज मुकदमे की पेशी के लिए चौधरी सूर्यकरण जेएमआईसी अदालत खरखौदा आया था।
जांच
में सामने आया कि पेशी खत्म होने के बाद जैसे ही नीरज अदालत परिसर से निकलकर एसडीएम
कार्यालय के बाहर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने उसकी गाड़ी को निशाना बना
लिया। आरोपी गाड़ी में सवार होकर आए थे। बदमाशों ने पहले टक्कर मारकर गाड़ी रोकी और
फिर उस पर गोलियां चला दीं। हमले में नीरज के सिर और मुंह पर कई गोलियां लगीं। गंभीर
चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद
लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी फरार हो चुके थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी
मच गई और लोगों में डर फैल गया।
सूचना
मिलते ही थाना खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेर लिया। पुलिस ने शव को
कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी
कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। प्रारंभिक जांच में
पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जोड़कर देख रही है। जिस तरह से
हमलावरों ने घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि हत्या की साजिश पहले से
रची गई थी। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और अलग-अलग पहलुओं को ध्यान
में रखकर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना