युवा शक्ति ही विकसित हरियाणा की सबसे बड़ी ताकत : नायब सिंह सैनी

 

- पंचकूला में ‘एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान’ का शुभारंभ

- 12 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान

चंडीगढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि युवा केवल एक उम्र नहीं बल्कि ऊर्जा, सामथ्र्य और संभावनाओं का अथाह सागर हैं। युवा केवल भविष्य नहीं बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं जो विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह अभियान आगामी 12 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलेगा। उन्होंने देश के 15 सुरक्षित जिलों की सूची में शामिल हरियाणा के कुरुक्षेत्र एवं कैथल जिलों को सम्मानित करते हुए कहा कि एचआईवी के खिलाफ लड़ाई केवल विरोध से नहीं बल्कि सही जानकारी, जागरूकता, अपनापन और संवेदनशीलता के माध्यम से जीती जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआईवी के साथ जीवन जी रहे व्यक्ति से दूरी बनाना अज्ञानता है। हमें बीमारी से लडऩा है, बीमार व्यक्ति से नहीं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि चुप्पी, कलंक और शर्म की तीन दीवारों को हमें मिलकर गिराना होगा। प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 10 अन्य लोगों तक एचआईवी से बचाव और उपचार से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की आकांक्षाएं चाहे कितनी भी बड़ी हों, उन्हें पूरा करने के लिए स्वस्थ और सक्षम शरीर आवश्यक है। अच्छे स्वास्थ्य, बेहतर शिक्षा, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य की आकांक्षा रखने वाले युवाओं को सबसे पहले अपना शरीर स्वस्थ रखना होगा।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत का युवा तेज गति से आगे बढ़ रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑटोमेशन, रोबोटिक्स, ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजिटल तकनीक और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में दुनिया तेजी से बदल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आईटीआई संस्थाओं को करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत से उन्नत किया जा रहा है। उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच एमओयू साइन करके मजबूत साझेदारी स्थापित की जा रही है, ताकि युवाओं को वही कौशल मिले जिसकी उद्योगों को वास्तविक आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईएमटी खरखौदा की सफलता से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकसित करने का बड़ा निर्णय लिया गया है। ये केवल जमीन और कारखानों की परियोजनाएं नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की परियोजनाएं हैं। इससे कुशल श्रमिकों, इंजीनियरों, तकनीशियनों और उद्यमियों के लिए रोजगार एवं अवसर बढ़ेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा