कैथल:वाहन की टक्कर से युवक की मौत
कैथल, 26 अक्टूबर (हि.स.) कैथल-पटियाला मार्ग पर गांव पोलड़ के पास देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक राइस मिल में काम करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान गांव फिरोजपुर निवासी अमरजीत के रूप में हुई है।सड़क से गुजर रहे लोगों ने दुर्घटना देखी तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सीवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि अमरजीत अविवाहित था और एक राइस मिल में मजदूरी करता था। वह काम खत्म करने के बाद घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। उसके माता-पिता खेतीबाड़ी करते हैं। परिवार में माता-पिता और एक बहन है। अमरजीत अपनी बहन का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।सीवन थाना एसएचओ मुकेश रानी ने बताया कि पुलिस को देर रात गांव पोलड़ के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे