हिसार : युवाओं में नेतृत्व क्षमता व अनुशासन में अहम भूमिका निभाते हैं खेल : संदीप राणा
खेलों इंडिया संवाद में गूंजा प्रधानमंत्री का संदेश, युवाओं को मिला सफलता
का मंत्र
हिसार, 27 अगस्त (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित ‘खेलों इंडिया संवाद : खेल की बात, मोदी
के साथ’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी का युवाओं के नाम संदेश गूंजा। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, एनएसएस
स्वयंसेवकों और शहर के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री
का वर्चुअल संबोधन सामूहिक रूप से सुना। इसके बाद आयोजित जिला स्तरीय युवा संवाद में
खेल, फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर मंथन हुआ।
राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में गुरुवार काे आयोजित कार्यक्रम का संयोजन विश्वविद्यालय
के खेल निदेशालय और जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई
के नेतृत्व तथा एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजु गुप्ता के निर्देशन में हुए कार्यक्रम
के संयोजक एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामस्वरूप और डॉ. सुमित शर्मा रहे।
युवा संवाद में अंतरराष्ट्रीय एथलीट कपिल दलाल ने युवाओं को खेलों को महज प्रतिस्पर्धा
तक सीमित न रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, लक्ष्य
निर्धारण और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। विश्व एथलेटिक्स
चैंपियन आशीष यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और
दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रो. संदीप सिंह राणा ने कहा कि खेल युवाओं में नेतृत्व क्षमता,
अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं
से ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ के संदेश को जीवनशैली
का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. खुशबू सेठी, डॉ. मलकीत सिंह, डॉ.
गुंजन मुंजाल, डॉ. गार्गी बूरा सहित विश्वविद्यालय और शहर के विभिन्न महाविद्यालयों
के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम ने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने,
अपनी खेल प्रतिभा पहचानने और देश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर