सोनीपत: वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार

 


सोनीपत, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गन्नौर क्षेत्र में कैलाना मोड़ के पास पेट्रोल पंप के नजदीक वाहन की टक्कर

से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने घायल युवक को उपचार के लिए बीपीएस

राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, खानपुर कलां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने

जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गन्नौर थाना पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत

पर मंगलवार को वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव

मोहम्मदपुर माजरा निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके माता-पिता

का निधन हो चुका है। उसकी बुआ सरोज की भी करीब 30 वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। बुआ का

बेटा मनीष उनके घर पर ही रहता था और वर्कशॉप में काम करता था। राहुल

के अनुसार साेमवार शाम मनीष खेत में काम करने के बाद घर लौट रहा था। जब वह कैलाना

मोड़ के पास पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा तो तेज गति और कथित लापरवाही से चलाए जा रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मनीष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर

गया। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने घायल मनीष को बीपीएस खानपुर कलां अस्पताल

पहुंचाया। सूचना मिलने पर राहुल भी अस्पताल पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों ने मनीष को मृत

घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद गन्नौर थाना पुलिस

ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस

ने राहुल की शिकायत के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस

ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार वाहन चालक की पहचान

और तलाश के लिए जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना