कैथल के युवक की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत, सात साल पहले गया था विदेश

 




कैथल, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव प्योदा निवासी करीब 35 वर्षीय युवक भीम गिल की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत हो गई। भीम करीब सात साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर कमाई की उम्मीद लेकर अमेरिका गया था। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

ग्रामीणों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। परिजनों ने बताया कि भीम करीब सात साल पहले डंकी के रास्ते अमेरिका पहुंचा था। वह कैलिफोर्निया के फ्रिजनो में रहकर गाड़ी चलाने का काम करता था। 27 अक्टूबर को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथ रहने वाले लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार को उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद से ही शव को भारत लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विदेश भेजने के लिए खर्च किए थे 40 लाख रुपये, जमीन भी रखी थी गिरवी

भीम के बड़े भाई सुखबीर सिंह ने बताया कि परिवार ने उसे अमेरिका भेजने के लिए करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे। इस रकम का इंतजाम करने के लिए कुछ पैसे जानकारों से उधार भी लिए गए थे। इसके अलावा परिवार ने करीब एक एकड़ जमीन भी गिरवी रखी थी। परिवार को उम्मीद थी कि भीम अमेरिका में मेहनत करके अच्छी कमाई करेगा और घर की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगा।

पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया पीछे

परिजनों के अनुसार, भीम शादीशुदा था। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी, एक बेटा, दो बहनें और एक भाई हैं। परिवार खेतीबाड़ी करके गुजर-बसर करता है। भीम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने सरकार और सामाजिक संस्थाओं से उसका शव भारत लाने तथा परिवार की आर्थिक मदद करने की अपील की है।

अमेरिका में करवाया गया पोस्टमार्टम, शव दिल्ली लाने की तैयारी

मृतक के भाई सुखबीर सिंह ने बताया कि अमेरिका में जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बुधवार को भीम का पोस्टमार्टम करवाया गया। गांव और आसपास के क्षेत्रों के जो युवक अमेरिका में रह रहे हैं, उन्होंने इस प्रक्रिया में परिवार की मदद की। अब शव को दिल्ली लाने की प्रक्रिया शुरू करवाई जाएगी। इसके लिए परिवार जरूरी दस्तावेज और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर रहा है।

एक महीने पहले भी आया था हार्ट अटैक

सुखबीर सिंह ने बताया कि भीम को करीब एक महीने पहले भी हार्ट अटैक आया था। मौत से तीन-चार दिन पहले उसने परिवार को फोन करके अपनी तबीयत अधिक खराब रहने की बात कही थी। उसने अपने बड़े भाई से यह भी कहा था कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी हो जाए तो वह परिवार का पूरा ध्यान रखे। भीम की इन बातों को याद कर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे