सिरसा: नशे की ओवरडोज से युवक की मौत
सिरसा, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले क्षेत्र में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल भिजवाया गया, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव दिया गया है। मृतक की पहचान ढाणी ख्योंवाली निवासी सिकंदर सिंह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सिकंदर अपने ननिहाल रानियां में आया हुआ था। सिकंदर ने रविवार देर शाम को एक मेडिकल स्टोर से नशा खरीदा और खेल स्टेडियम में चला गया जहां उसने नशे का सेवन किया। कुछ देर बात सिकंदर की हालत बिगड़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिरसा के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। बताया जा रहा है कि सिकंदर पिछले तीन-चार सालों से मेडिकल नशे का सेवन कर रहा था और वह अपनी मां के साथ अपने ननिहाल रानियां में मामा के घर आया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नशीली गोलियां व कैप्सूल सहित युवक गिरफ्तार
सीआईए कालांवाली पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान जिले के गांव गदराना क्षेत्र से नशीली प्रतिबंधित गोलियां व कैप्सूल सहित एक युवक गिरफ्तार किया है। सीआईए कालांवाली प्रभारी सतपाल सिंह ने सोमवार को बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान लवप्रीत के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव गदराना क्षेत्र में मौजूद थी।
इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2600 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान लवप्रीत के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि बरामद गोलियां व कैप्सूल ड्रग विभाग को सौंप दी गई है। आरोपी के खिलाफ कालांवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma