सिरसा: खाद से भरी ट्रॉली पलटने से युवक की मौत

 


सिरसा, 23 मई (हि.स.)। जिले के गांव सकताखेड़ा क्षेत्र में टै्रक्टर ट्राली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान पंजाब के सरदूलगढ़ निवासी शरीफ सिंह के रूप में हुई है। शरीफ सिंह शनिवार को गांव सकताखेड़ा से गाेबर व पराली से तैयार की गई खाद भरकर अपने एक अन्य साथी के साथ राजस्थान की ओर जा रहा था।

ट्राली को भरकर जैसे ही सडक़ पर लेकर जाने लगे तो ट्रॉली धंस गई। शरीफ सिंह व उसका साथी ट्रॉली के टायर से मिट्टी निकाल रहे थे तो अचानक ट्राली उनके ऊपर पलट गई। शरीफ सिंह ट्रॉली के नीचे दब गया, जबकि उसका साथी बाहर निकल गया। आसपास के लोगों ने शरीफ सिंह को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतक सरीफ सिंह के परिजनों को दी, जिस पर वे डबवाली के नागरिक अस्पताल पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।

दो बाइक चोर गिरफ्तार

पुलिस ने डबवाली क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की दो वारदातों को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहल व आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। स्पेशल स्टाफ प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को नागरिक अस्पताल व बठिंडा रोड रिलायंस पेट्रोल पम्प क्षेत्र से बाइक चोरी की शिकायत मिली थी। पुलिस ने जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी आकाशदीप सिंह के खिलाफ चोरी का एक मामला पहले भी दर्ज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma