सिरसा: जलघर की डिग्गी में डूबने से युवक की मौत

 


सिरसा, 30 मई (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव जमाल में जलघर की डिग्गी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव जमाल निवासी राजवीर के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। ग्रामीणों ने शनिवार को जलघर की डिग्गी में एक युवक की लाश देखी और सूचना पुलिस को दी।

ग्रामीणों ने पुलिस की मौजूदगी में युवक की लाश को डिग्गी से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि राजवीर अविवाहित है और उसका एक भाई भी है। दोनों भाई मजदूरी का काम करते थे। उनके माता पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। युवक के जलघर की डिग्गी में डूबने के कारण का अभी कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधर, डबवाली में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान बॉबी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बॉबी पारिवारिक तनाव के चलते मानसिक रूप से परेशान था। बॉबी ने घर में ही फंदा लगाकर सुसाइड किया। डबवाली के एसएचओ देवीलाल ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma