सोनीपत: गोहाना-मुरथल बाईपास पर हादसे में एक युवक की मौत
सोनीपत, 01 मार्च (हि.स.)। सोनीपत के गोहाना-मुरथल बाईपास पर हुए सड़क हादसे में पुरखास गांव निवासी
32 वर्षीय अनुज की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना सेक्टर-27
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में बताया गया कि अनुज 28 फरवरी की शाम अपनी स्कूटी पर सवार होकर मुरथल
की ओर से घर लौट रहा था। जब वह आईएएस युद्धवीर की कोठी के सामने पहुंचा, तभी किसी वाहन
ने उसकी स्कूटी को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके
मुंह, हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। अनुज विवाहित था। घटना के बाद
राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत सामान्य अस्पताल
सोनीपत लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कंट्रोल रूम के
माध्यम से थाना सेक्टर-27 पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल से चिकित्सकीय रिपोर्ट
व रुक्का प्राप्त किया।
जांच अधिकारी ने बताया कि हादसा वाहन चालक की तेज गति और लापरवाही के
कारण हुआ प्रतीत होता है। आरोपित चालक व वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज
खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में आवश्यक कार्रवाई जारी है और
शीघ्र ही आरोपित का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना