रोहतक: गली विवाद में युवक की हत्या करने वाले दो गिरफ्तार,मुख्य आरोपी फरार
गांव ईस्माइला में पानी की डिगी में पड़ा मिला था युवक का गर्दन कटा शव, पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी
रोहतक, 20 जून (हि.स.)। पुलिस ने गांव ईस्माइला निवासी नीरज हत्याकांड में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित स्थानों पर पुलिस दबिश दे रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नीरज की पुरानी रंजिश के चलते गर्दन काटकर हत्या की गई थी।
करीब पांच साल पहले गली विवाद को लेकर झगडा हुआ था और इसी के चलते आरोपियों ने नीरज की बेहरमी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। डीएसपी राकेश मलिक ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि 14 जून को गांव ईस्माइला स्थित पानी की डिगी में नीरज का गर्दन कटा हुआ शव पड़ा मिला था।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में कारवाई करते हुए गांव ईस्माईला निवासी रविन्द्र व जतिन को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी सचिन अभी फरार चल रहा है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नीरज व सचिन के परिवार के बीच करीब पांच साल पहले गली को लेकर विवाद हुआ था और इसी पुरानी रंजिश के चलते सचिन ने अपने साथियों के साथ मिलकर नीरज की गर्दन काटकर बेहरमी से हत्या कर दी थी।
बताया जा रहा है कि हत्या वाले दिन एक आरोपी का जन्मदिन भी था और उसी दिन पार्टी करने के बहाने नीरज को बुलाया गया और बाद में उसकी गर्दन काटकर बेहरमी से हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संबंधित स्थानों पर दबिश दी जा रही है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल