हिसार : मामूली विवाद में पीट-पीटकर युवक की हत्या

 

पुलिस जांच में जुटी, अभी कोई गिरफ्तारी नहीं

हिसार, 01 मई (हि.स.)। जिले के आदमपुर क्षेत्र

के गांव सीसवाल में मामूली कहासुनी के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई। सूचना मिलने

पर पुलिस गांव में पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीसवाल गांव में चौकीदार

रामू के बेटे की पिटाई से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चौकीदार रामू का बेटा राधेश्याम

मजदूरी करता था। गुरुवार रात को वह शराब ठेके के पास बैठा था। यहां पर उसका कुछ लोगों

से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बात मारपीट तक पहुंच गई। दूसरे पक्ष के लोगों

की पिटाई से राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव में झगड़े की सूचना पर पुलिस

मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राधेश्याम को अग्रोहा मेडिकल में भर्ती

करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

राधेश्याम के परिजनों ने बेटे की हत्या की शिकायत

पुलिस को दी है। पुलिस ने शुक्रवार काे हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। अभी किसी आरोपी

की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

क्षेत्र में दो दिन में यह दूसरी हत्या है। इससे

पहले बुधवार रात को आदमपुर रेलवे स्टेशन पर भी एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई

थी। अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर