हिसार में पुलिस थाने के पास मेडिकल स्टोर में युवक पर हमला

 


बाइक व ई-रिक्शा पर सवार होकर पहुंचे थे हमलावर

जान बचाने के लिए दुकान में घुसा युवक तो अंदर भी किए चाकू से वार

हिसार, 10 नवंबर (हि.स.)। शहर के सीआईए-2 थाने के नजदीक एक मेडिकल स्टोर पर

युवकों के बीच हुए झगड़े में चाकूबाजी का मामला सामने आया है। बाइक और ई-रिक्शा पर

सवार होकर पहुंचे युवकों ने मंगलवार काे पहले मेडिकल स्टोर के बाहर झगड़ा किया और फिर एक युवक पर

चाकू से हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए युवक मेडिकल स्टोर के अंदर घुस गया, लेकिन

हमलावरों ने उसका पीछा करते हुए दुकान के अंदर भी चाकू से कई वार किए। पूरी वारदात

मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार

हो गए।

मेडिकल स्टोर संचालक कपिल ने बताया कि वह दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक

बाइक पर दो युवक और ई-रिक्शा में तीन से चार लोग सवार होकर वहां पहुंचे। मेडिकल स्टोर

के नजदीक पहुंचते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद

मारपीट में बदल गया। इस दौरान बाइक सवार युवकों को दूसरे पक्ष के लोगों ने घेर लिया

और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, इसी बीच एक युवक ने चाकू निकालकर दूसरे युवक पर

हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक मेडिकल स्टोर के अंदर भागा, लेकिन हमलावर भी उसके

पीछे दुकान में घुस गए और वहां भी चाकू से वार किए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार

हो गए। घटना के बाद मेडिकल स्टोर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर

सीआईए पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। बताया

जा रहा है कि पुलिस कुछ युवकों को अपने साथ लेकर गई है। हालांकि, घायल युवक और हमलावरों

की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज

में युवकों के बीच मारपीट और चाकू से हमला करने की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस का

कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर