कैथल: मेले में झगड़ा छुड़ाने गए दोस्तों पर हमला, युवक को सुआ घोंपा
कैथल, 06 सितंबर (हि.स.)। शहर के श्री ग्यारह रुद्री मंदिर में जन्माष्टमी का मेला देखने पहुंचे दो युवकों को वहां चल रहे दो गुटों के झगड़े में बीच-बचाव करना भारी पड़ गया। झगड़ा छुड़ाने की कोशिश करने पर दो युवकों ने दोनों दोस्तों पर पंक्चर लगाने वाले सुए और लात-मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
शक्ति नगर निवासी अंकुश ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। चार सितंबर की शाम करीब आठ बजे वह अपने दोस्त अरुण के साथ ग्यारह रुद्री मंदिर में जन्माष्टमी का मेला देखने गया था। रात करीब नौ बजे मंदिर परिसर में घूमते समय उन्होंने कुछ युवकों को आपस में झगड़ते देखा। अंकुश के अनुसार, वह झगड़ रहे कुछ युवकों को पहचानता था। दोनों दोस्तों ने विवाद शांत कराने और युवकों को अलग करने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान राहुल और मंदीप ने अंकुश और उसके दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी। अंकुश के मुताबिक राहुल ने हाथ में लिए पंक्चर लगाने वाले सुए से उसके पेट के बाईं तरफ वार कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने लात-मुक्कों से भी उनकी पिटाई की।
घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल अंकुश को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। चोट अधिक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। शहर थाना पुलिस के जांच अधिकारी मंजीत ने बताया कि घायल की शिकायत पर राहुल और मंदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे