हिसार : रेडियो के प्रति अटूट प्रेम : रमेश कुमार ने आकाशवाणी हिसार संग्रहालय को भेंट किए अपने पसंदीदा सात रेडियो सेट

 


हिसार, 01 मई (हि.स.)। आकाशवाणी हिसार के संग्रहालय

में उस समय एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब स्थानीय निवासी रमेश कुमार

ने अपने अनमोल खजाने में से सात ऐतिहासिक रेडियो सेट आकाशवाणी को भेंट किए। रेडियो

के प्रति अपनी दीवानगी के लिए पहचाने जाने वाले रमेश कुमार ने इन रेडियो सेट्स को संग्रहालय

की शोभा बढ़ाने के लिए भेंट स्वरूप दिये।

रेडियो : एक हमसफ़र की तरह

रमेश कुमार ने अपनी यादें सांझा करते हुए बताया

कि रेडियो उनके जीवन का केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि उनके जीवन का सबसे अहम हिस्सा रहा

है। उन्होंने बताया कि जब वे रेहड़ी लगाते थे, तब पूरा दिन रेडियो उनके साथ रहता था।

रेडियो पर बजते गीतों और कार्यक्रमों की वजह से उनका कठिन काम भी आसान हो जाता था।

रेडियो ने एक सच्चे साथी की तरह हर सुख-दुख में उनका साथ निभाया।

आज भी जारी है लगाव

वर्तमान में एक निजी स्कूल में गेटकीपर के तौर

पर कार्यरत रमेश कुमार आज भी अपने कर्तव्य के दौरान पूरा दिन रेडियो सुनते हैं। उन्होंने

बताया कि रेडियो के माध्यम से वे दुनिया भर की जानकारियों और मनोरंजन से जुड़े रहते

हैं, जिससे वे अपना काम खुशी-खुशी और ऊर्जा के साथ कर पाते हैं।

विरासत का संरक्षण

आकाशवाणी को भेंट किए गए इन सात रेडियो सेट्स

की खासियत यह है कि ये 30 से 50 साल पुराने हैं। रमेश कुमार ने इन्हें बड़े जतन से सहेज

कर रखा था और ये सभी सेट आज भी चालू हालत में हैं। उन्होंने बताया कि हालांकि ये रेडियो

उनके दिल के बेहद करीब हैं, लेकिन संग्रहालय में रहने से आने वाली पीढ़ियां भी रेडियो

के गौरवशाली इतिहास को देख सकेंगी।

आकाशवाणी ने जताया आभार

आकाशवाणी हिसार के निदेशक पवन कुमार ने रमेश

कुमार के इस निस्वार्थ योगदान और रेडियो के प्रति उनके इस कद्र जुनून की सराहना की।

उन्होंने रमेश कुमार का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके द्वारा दी गई इस भेंट को संग्रहालय

में सुशोभित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर