सोनीपत: शराब पीने के बाद कहासुनी में युवक की चाकू मारकर हत्या
सोनीपत, 11 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के गांव लिवान में शराब पीने के दौरान टोंट कसने को
लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपने दोस्त के साथ
शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोस्त ने घर
में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर युवक के पेट पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से
युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे
में लेकर सोनीपत के नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी कर्ण के रूप में हुई है।
वह गांव लिवान में कुलबीर निवासी खानपुर की बिल्डिंग के कमरा नंबर 42 में करीब डेढ़
महीने से किराये पर रह रहा था। कर्ण एक दाल फैक्टरी में काम करता था। इसी बिल्डिंग
में नेपाल निवासी राजकुमार और धीरज भी किराये पर रहते हैं। दूसरे कमरे में रहने वाले विवेक ने पुलिस को बताया कि मंगलवार
रात कर्ण और राजकुमार साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच एक-दूसरे पर
टोंट कसने को लेकर कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर राजकुमार कमरे से सब्जी काटने वाला
चाकू उठा लाया और कर्ण के पेट में वार कर दिया। चाकू लगने से कर्ण लहूलुहान होकर गिर
पड़ा। वारदात के बाद राजकुमार मौके से फरार हो गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल कर्ण को अस्पताल
पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची
और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास रहने
वाले लोगों से पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके
सोनीपत पहुंचने का इंतजार है। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शुरुआती जांच में आपसी कहासुनी के बाद हत्या होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी
की तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना