हिसार रेलवे स्टेशन पर चाकू मारकर युवक की हत्या, तीन अन्य घायल
हिसार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक
युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस दौरान हुए विवाद में तीन अन्य युवक घायल हो
गए।
बताया जा रहा है कि सिरसा जिले के जोधकां गांव निवासी कर्ण सिंह रेलवे स्टेशन
पर बैठा था। इसी दौरान 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से वार कर दिया। इसमें
वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना में दो अन्य युवकों राहुल, शुभम व एक अन्य को भी
चोटें आई है। गंभीर रूप से घायल कर्ण सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों
ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
घायलों को उपचार के लिए जिले के नागरिक अस्पताल में दाखिल
करवाया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है। मृतक कर्ण का शव नागरिक अस्पताल
में रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर