राेहतक: युवक की हत्या के आरोप में दोस्त गिरफ्तार

 

आरोपी के परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से की मुलाकात, झूठे मामले में फंसाने का आरोप

रोहतक, 19 मई (हि.स.)। गांव डोभ में हुई युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में उसके दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के परिजनों को कहना है कि दोस्त ने ही उसकी हत्या की थी, जबकि आरोपी पक्ष का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है और उनके बेटे को झूठा फंसाया गया है। बताया जा रहा है कि मामले में गिरफ्तार युवक की शादी होने वाली थी, लेकिन अब युवक जेल जा चुका है। आरोपी के परिजनों ने इस बारे में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस के अनुसार 7 मई को गांव डोभ निवासी आनंद की गोली लगने से मौत हो गई थी, जिस वक्त आनंद की मौत हुई वह अपने दोस्त राहुल के घर गया हुआ था।

मृतक के परिजनों को आरोप था कि राहुल ने आनंद की हत्या की है। कलानौर पुलिस ने इस मामले में राहुल को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि राहुल की इसी सप्ताह शादी होने वाली थी, लेकिन अब पुलिस ने राहुल को जेल भेज दिया है। मंगलवार को राहुल के परिजन रोहतक पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। परिजनों को कहना है कि आनंद घटना के वक्त राहुल से मिलने आया था और उसने आत्महत्या की थी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग से एक टीम गठित की है। पुलिस प्रवक्ता मनीष हुड्डा ने बताया कि इस मामले में राहुल सहित एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

-----

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल