रोहतक में युवक की गर्दन काट कर पानी की टंकी के पास फेंका शव

 

डीएसपी व एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची, गांव के ही युवकों पर हत्या का शक

रोहतक, 15 जून (हि.स.)। सांपला थाना के अंतर्गत गांव इस्माइला में एक युवक की गर्दन काट कर हत्या कर, शव को गांव की पानी की टंकी के पास फेंक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की गर्दन पास में ही पड़ी थी, पुलिस का मानना है कि तेजधार हथियार से युवक की गर्दन काटी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर को ग्रामीणों ने गांव स्थित पानी की टैंकी के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। इसी बीच सूचना मिलने पर सांपला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया, मृतक की गर्दन अलग पड़ी हुई थी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त गांव के ही नीरज के रुप में की।

पुलिस द्वारा सूचना पाकर नीरज के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि नीरज खाना खाने के बाद टहलने निकला था और रातभर घर नहीं लौटा। परिजनों ने पुलिस को कहा कि लगता है गांव के युवकों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने परिजनों के ब्यान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल