राेहतक में प्रेमी युगल की हत्या, आसौदा नहर में मिले शव

 

संदीप के खाते में थे जमीन के करीब 30 लाख रुपये, लेन-देन के विवाद में हत्या की आशंका

रोहतक, 05 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली से हसनगढ़ में दोस्तों से मिलने आए प्रेमी युगल की हत्या का मामला सामने आया है। बिहार के बेगूसराय निवासी संदीप और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी कविता के शव आसौदा के पास नहर से बरामद हुए हैं। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में रुपयों के लेन-देन को वारदात से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि संदीप के खाते में जमीन के करीब 30 लाख रुपये थे।पुलिस के अनुसार संदीप पहले हसनगढ़ में परचून की दुकान चलाता था और इसी दौरान उसका यहां कई लोगों से परिचय हुआ था। करीब तीन महीने पहले वह दुकान छोड़कर बेगूसराय चला गया था। बाद में वह कविता के साथ दिल्ली में रहने लगा। दोनों दिल्ली से हसनगढ़ में अपने दोस्तों से मिलने आए थे।इसी दौरान दोनों संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। बाद में आसौदा के पास नहर से उनके शव बरामद हुए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को विभिन्न पहलुओं से जांच के निर्देश दिए। सांपला और आसौदा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।पुलिस जांच में सामने आया है कि संदीप के खाते में जमीन से संबंधित करीब 30 लाख रुपये थे। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में दोनों की हत्या तो नहीं की गई। संदीप का किन लोगों के साथ आर्थिक लेन-देन था और हाल के दिनों में उसकी किस-किस से बातचीत हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि हसनगढ़ में दोस्तों से मिलने पहुंचे संदीप और कविता आखिर आसौदा तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस दोनों की आखिरी लोकेशन और संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल