जींद : बांगर की बेटी योगिता ने पाया आर्ट संकाय में प्रदेश में तीसरा स्थान

 


जींद, 12 मई (हि.स.)। बांगर की बेटी योगिता ने हयिाणा शिक्षा बोर्ड द्वारा मंगलवार को घोषित 12वीं कक्षा परीक्षा परिणाम में आर्ट संकाय में तीसरा स्थान प्राप्त किया। योगिता पुत्री बलवान काकड़ोद गांव की है जो बुडायन गांव के शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल की छात्रा है। 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम को लेकर कई दिनों से इंतजार था। योगिता किसान परिवार से है। दो भाई बहनों में वो बड़ी है। योगिता के अनुसार 10वीं कक्षा में भी वो प्रदेश में तीसरे स्थान पर रही थी। परीक्षा परिणाम की जानकारी मिलने के बाद उसने खुद अपने परिणाम को देखा तो पता चला कि हरियाणा में तीसरा स्थान पाया है। हरियाणा में टॉप तीन में आने पर पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आसपास के पड़ोस से लोग बधाई देने के लिए आने लगे तो जानकारों के फोन बधाई के लिए आने लगे।

आईएएस बनने का है सपना, सोशल मीडिया पर नही अकाउंट

योगिता ने बताया कि उसके पिता बलवान श्योकंद चार एकड़ की खेती करते है तो माता कविता देवी गृहणी है। आईएएस बनने उसका सपना है। वो 7 घंटे पढ़ाई करती थी। मोबाइल सिर्फ पढ़ाई के लिए इस्तेमाल किया। कोई भी सोशल मीडिया पर उसका अकाउंट नहीं है। 497 नंबर प्राप्त करके तीसरा स्थान प्रदेश में पाया है। अंग्रेजी 98, हिंदी 100, लोक प्रशासनिक 97, इतिहास 99, फिजिकल एजुकेशन 100, भूगोल 100 अंक प्राप्त किए। परिवार के साथ-साथ स्कूल स्टाफ को इसका श्रेय योगिता ने दिया।

पिता बलवान श्योकंद, माता कविता देवी ने कहा कि बेटी ने गांव का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है। बेटी आज बेटों से कम नहीं है। बेटा, बेटी में कभी फर्क नहीं समझा है। बेटी को उसके सपने पूरे करने के लिए कड़ी मेहनत के लिए प्रोत्साहित वो करते रहते है। बेटी का आईएएस बनने का सपना है जिसे वो कड़ी मेहनत से पूरा करेंगी। प्रिंसिपल हरेंद्र कुमार ने इस उपलब्धि के लिए स्कूल स्टाफ, योगिता को बधाई देते हुए कहा कि ये ग्रामीण क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। ग्रामीण अंचल के बेटे, बेटी निरंतर स्थान प्राप्त कर रहे है। योगिता पढ़ाई में शुरू से ही अव्वल थी। योगिता ने स्कूलए क्षेत्र एवं जिले का नाम रोशन करने का काम किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा