यमुनानगर: हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार

 


यमुनानगर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। यमुनानगर में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने कलानौर बॉर्डर के पास नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार दो युवकों को 120 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश से नशीला पदार्थ लाकर हरियाणा में बेचते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सेल प्रभारी अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से दो युवक बाइक पर नशीला पदार्थ लेकर कलानौर बॉर्डर पार कर यमुनानगर में प्रवेश करने वाले हैं।

सूचना के आधार पर टीम गठित की गई। टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 120 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। नियमानुसार कार्रवाई के लिए मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को भी बुलाया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी सुफियान और आजम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नशीले पदार्थ की तस्करी में सुफियान की बाइक का इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में उत्तर प्रदेश से नशीला पदार्थ लाकर यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की बात सामने आई है। पुलिस अब कथित तस्करी नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार