यमुनानगर:पुरानी रंजिश में युवक की हत्या का पांचवा आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 20 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर जिले में पुरानी रंजिश के चलते 32 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा-एक की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नाहर ताहरपुर निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिला पुलिस को अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा-एक की टीम ने हत्या के मामले में प्रदीप को गिरफ्तार किया। अपराध शाखा-एक के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि पांच जून को उर्जनी निवासी नवीन (32) की नाहर ताहरपुर गांव के खेत में कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई गई है।
पुलिस इस मामले में इससे पहले दुखेड़ी निवासी विश्वजीत तथा नाहर ताहरपुर निवासी जितेंद्र कुमार, आशीष और वंश को गिरफ्तार कर चुकी है। इन चारों आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। प्रदीप की गिरफ्तारी के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या पांच हो गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों की आगे जांच की जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार